ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत, चालक वाहन समेत फरार
बिलरियागंज/आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। महुला-गढ़वल बांध से खरैलिया जाने वाले मार्ग पर स्थित सरकारी विद्यालय के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान चंद्रावती सिंह (65 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय नागेंद्र सिंह, निवासी मसूरियापुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वह खरैलिया की ओर से अपने घर मसूरियापुर लौट रही थीं। इसी दौरान सरकारी विद्यालय के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
दुर्घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस के अनुसार, परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है। फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।






















































Leave a comment