Latest News / ताज़ातरीन खबरें

नमस्ते दिवस पर घोसी में सफाई मित्रों का सम्मान, सुरक्षा किट वितरित कर दिया गया विशेष प्रशिक्षण

घोसी।मऊ। घोसी नगरपंचायत में सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई को पूरी तरह मशीनीकृत बनाकर सफाई कर्मचारियों को खतरनाक परिस्थितियों में सुरक्षित काम करने के उद्देश्य से संचालित 'नमस्ते (राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र अभियान)' के तहत मंगलवार को नगर पंचायत घोसी के सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर उनको सुरक्षा किट दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ईओ अनिल कुमार ने की जिसमें नगर पंचायत के सभासदों के साथ बड़ी संख्या में सफाई मित्र एवं सफाई नायक उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि नमस्ते योजना केंद्र और प्रदेश सरकार की संयुक्त पहल है, जिसका संचालन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य सफाई मित्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उन्हें आधुनिक उपकरणों एवं प्रशिक्षण से सशक्त बनाना तथा हाथ से मैला ढोने जैसी अमानवीय प्रथा को पूरी तरह समाप्त करना है। कार्यक्रम के माध्यम से सफाई कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया गया।
        इस अवसर पर ईओ अनिल कुमार ने कहा कि  योजना का मुख्य उद्देश्य सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई पूरी तरह मशीनों के माध्यम से कराना है ताकि किसी भी सफाई कर्मचारी को अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य न करना पड़े। उन्होंने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए सफाई मित्रों को सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर विशेष जोर दिया। कहा कि स्वच्छता कार्य के साथ सुरक्षा भी होनी चाहिए।
       इस दौरान सफाई कर्मचारियों को नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण में सुरक्षित तरीके से कार्य करने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
     कार्यक्रम के अंत में ईओ अनिल कुमार एवं उपस्थित सभासदों ने सफाई मित्रों को सुरक्षा किट वितरित की। प्रत्येक किट में एक बैग, एक जोड़ी सुरक्षा जूते, एक जोड़ी वर्दी, एक जोड़ी हाथ के दस्ताने, एक मास्क तथा एक हेलमेट प्रदान किया गया, जिससे वे सुरक्षित वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस अवसर पर ईओ के साथ सभासद, सफाई नायक, कर्मचारी, सफाई मित्र आदि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh