Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सर्प दंश से ढाई वर्षीय मासूम की मौत दो बहनों का इकलौता भाई था मृतक, घर के बाहर खेलते समय हुई घटना

आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के चिस्तीपुर गांव में सर्पदंश से ढाई वर्षीय मासूम की मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने पहले उसे अतरौलिया के सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने टांडा पीजीआई रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, चिस्तीपुर गांव निवासी रामबदन का ढाई वर्षीय पोता उत्कर्ष (पुत्र राजू) बुधवार शाम करीब तीन बजे घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन तत्काल उसे अतरौलिया स्थित सौ शैय्या चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टांडा पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर टांडा जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया गया कि उत्कर्ष अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां कविता और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि मृतक के पिता राजू मेहनत-मजदूरी के सिलसिले में करीब दस दिन पहले दिल्ली गए हुए हैं। मृतक के दादा रामनयन ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि सर्पदंश से बच्चे की मौत की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh