आजमगढ़: अंबेडकर प्रतिमा स्थापना विवाद में बढ़ा तनाव, दोनों पक्षों के 16 लोग गिरफ्तार
आजमगढ़। थाना तरवां क्षेत्र के ग्राम महोली में बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने एवं ग्राम समाज की भूमि पर कब्जेदारी को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने गुरुवार को थाना परिसर में तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और आमादा फौजदारी की स्थिति बनने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 16 महिला एवं पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को ग्राम महोली निवासी फेकूराम पुत्र बनवारी ने थाना तरवां में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि फेकूराम पक्ष तथा तिलकधारी पक्ष के बीच ग्राम समाज की भूमि पर स्थापित बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और पट्टे की भूमि पर कब्जेदारी को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है। इस मुद्दे पर पहले भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं।
विवाद के निस्तारण के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना तरवां बुलाया था। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के लोग आपस में उलझ पड़े और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए जोरदार बहस करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष शांत होने को तैयार नहीं हुए, जिससे थाना परिसर में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोपहर करीब 12:40 बजे दोनों पक्षों के कुल 16 महिला एवं पुरुषों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय मेहनगर के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।


















































Leave a comment