Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सलेमपुर में “फर्जी इलाज” पर प्रशासन का चला हथौड़ा

देवरिया । सलेमपुर में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन ने अवैध क्लीनिकों पर ऐसा शिकंजा कसा कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। उपजिलाधिकारी सलेमपुर के निर्देश पर नायब तहसीलदार और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हॉस्पिटल रोड पर छापेमारी कर डॉ. एस. आलम क्लीनिक और देव पैथोलॉजी को सील कर दिया।
जांच के दौरान जब टीम ने डॉ. एस. आलम से डिग्री, रजिस्ट्रेशन और संचालन से जुड़े दस्तावेज मांगे तो मौके पर कोई भी वैध अभिलेख नहीं दिखाया जा सका। इसके बाद अधिकारियों ने देव पैथोलॉजी का निरीक्षण किया, लेकिन वहां भी हालात कुछ अलग नहीं मिले। पैथोलॉजी संचालक भी जरूरी कागजात पेश करने में नाकाम रहे।
बस फिर क्या था—प्रशासन ने दोनों संस्थानों पर तत्काल ताला जड़ दिया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सलेमपुर क्षेत्र में अब अवैध क्लीनिक, पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड सेंटर चलाने वालों की खैर नहीं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र में गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने दो टूक कहा है कि अगर कहीं भी बिना मान्यता या नियमों के स्वास्थ्य सेवाएं चलती मिलीं, तो सीधे सीलिंग और कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।
इस कार्रवाई के बाद अवैध तरीके से “इलाज का कारोबार” चलाने वालों में जबरदस्त दहशत फैल गई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh