Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में पुलिस का चार दिवसीय विशेष अभियान, 500 कुख्यात अपराधियों के घर एक साथ दी गई दबिश

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद पुलिस ने अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सर्किल नगर क्षेत्र में चार दिवसीय विशेष सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के तहत लूट, डकैती, तस्करी, नकल माफिया तथा अन्य गंभीर आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लगभग 500 कुख्यात अपराधियों के घरों पर एक साथ दबिश देकर उनका भौतिक सत्यापन किया गया।

 

अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के मार्गदर्शन में सोमवार से गुरुवार तक चले इस विशेष अभियान के लिए प्रतिदिन 50 पुलिस टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक टीम में एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षियों को शामिल किया गया था।

 

अभियान शुरू होने से पहले सभी पुलिस टीमों को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई और इसके बाद उन्हें एक साथ कोतवाली से रवाना कर चिन्हित अपराधियों के निवास स्थानों पर भेजा गया। पुलिस कर्मियों ने घर-घर पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन, आजीविका, सामाजिक व्यवहार और आपराधिक प्रवृत्तियों के संबंध में जानकारी एकत्र की।

 

इस दौरान प्रत्येक अपराधी का डोजियर तैयार करने के साथ ही पुराने अभिलेखों को अद्यतन भी किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना था कि पूर्व में अपराधों में संलिप्त रहे व्यक्ति वर्तमान में सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं अथवा पुनः आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय होकर कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहे हैं।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सत्यापन के दौरान प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यकतानुसार निरोधात्मक एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जनपद पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने तथा आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh