आजमगढ़: जान से मारने की नियत से हमला करने वाले 5 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त 3 बांस के डंडे बरामद
आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गम्भीरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जानलेवा हमले और मारपीट के मामले में वांछित चल रहे पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीन बांस के डंडे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को थाना गम्भीरपुर क्षेत्र के ग्राम अमौड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी। इस दौरान एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़े रहे तथा पुलिस द्वारा समझाने-बुझाने के बावजूद सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते रहे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष गम्भीरपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 30 मई 2026 को उमरीश्री पुलिया के पास से मामले में वांछित सभी पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 03 बांस के डंडे भी बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।























































Leave a comment