फूलपुर में भीषण सड़क हादसा: शादी की तैयारी के बीच युवक की मौत, साथी गंभीर घायल
अम्बारी/फूलपुर/आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के चमावा गांव के पास शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, क्योंकि मृतक की शादी रविवार को होने वाली थी और वह शादी का सामान खरीदने निकला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पवई थाना क्षेत्र के ओरिल खपड़िया चक गांव निवासी प्रदीप कुमार (26 वर्ष) तथा निजामाबाद थाना क्षेत्र के धन्नीपुर विसराई गांव निवासी विपिन कुमार (25 वर्ष) एक ही बाइक पर सवार होकर शादी की तैयारियों के लिए सामान खरीदने निकले थे। बताया जा रहा है कि माहुल में आवश्यक सामान न मिलने पर दोनों फूलपुर गए थे। सामान लेकर वापस लौटते समय शाहगंज रोड पर इटकोहिया के समीप लिंक रोड से निकल रहे एक इलेक्ट्रिक मालवाहक ऑटो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार विपिन कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठे प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और एम्बुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। मृतक विपिन कुमार दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं, लेकिन शादी से एक दिन पहले हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
फूलपुर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
जिस घर में रविवार को शहनाई बजनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार और गांव के लोगों को अभी भी विश्वास नहीं हो रहा कि शादी की तैयारियों में जुटा युवक अचानक इस दुनिया को छोड़कर चला गया। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर गहरा दुख और शोक व्याप्त है।
























































Leave a comment