भारत ने एडवांस अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण किया, MIRV तकनीक से कई लक्ष्यों को साधने में मिली सफलता
नई दिल्ली। भारत ने अपनी सामरिक और रक्षा शक्ति को और मजबूत करते हुए एडवांस अग्नि मिसाइल का सफल फ्लाइट ट्रायल किया है। इस परीक्षण की खास बात यह रही कि मिसाइल में मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टारगेटेबल री-एंट्री व्हीकल (MIRV) प्रणाली का सफल उपयोग किया गया।
रक्षा सूत्रों के अनुसार मिसाइल का परीक्षण कई पेलोड के साथ किया गया, जिन्हें हिंद महासागर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर निर्धारित लक्ष्यों की ओर भेजा गया। सभी पेलोड ने अपने निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक भेदा, जिससे भारत की लंबी दूरी की रणनीतिक क्षमता और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन हुआ।
MIRV तकनीक किसी भी बैलिस्टिक मिसाइल को एक साथ कई अलग-अलग लक्ष्यों पर हमला करने में सक्षम बनाती है। इस तकनीक के जरिए एक ही मिसाइल से कई वारहेड अलग-अलग दिशाओं में भेजे जा सकते हैं, जिससे दुश्मन की मिसाइल रक्षा प्रणाली को भेदना आसान हो जाता है।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस सफल परीक्षण से भारत की सामरिक प्रतिरोधक क्षमता को बड़ी मजबूती मिलेगी। यह उपलब्धि देश की स्वदेशी रक्षा तकनीक और वैज्ञानिकों की क्षमता का भी प्रतीक मानी जा रही है।
परीक्षण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों एवं रक्षा अधिकारियों ने इसे पूरी तरह सफल बताया। भारत लगातार अपनी रक्षा प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है और यह परीक्षण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





















































Leave a comment