डीएम की चौपाल में बड़ी कार्रवाई: लापरवाही पर लेखपाल सूर्यजीत निलंबित, लखपति दीदी कलावती सम्मानित
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने 9 मई 2026 को तहसील सगड़ी के विकासखंड अजमतगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत भुवना बुजुर्ग में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए।
जन चौपाल के दौरान अंश निर्धारण एवं वरासत के मामलों में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में 67 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री लंबित तथा 5 मामलों में नाम मिसमैच पाया गया। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सगड़ी को निर्देश दिया कि संबंधित लेखपाल सूर्यजीत को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच कराई जाए। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, वरासत, नाम मिसमैच और सरकारी भूमि संबंधी मामलों का सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए।
चौपाल में पेंशन, बिजली, राशन, पीएम सूर्य घर योजना, युवा उद्यमी योजना एवं बैंक ऋण से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। मृत व्यक्तियों के नाम पेंशन सूची में पाए जाने पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को हटाने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग के जेई पर अवैध वसूली के आरोपों की जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
गांव की साफ-सफाई में उत्कृष्ट कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह की सदस्य एवं लखपति दीदी कलावती को जिलाधिकारी ने बुके देकर सम्मानित किया और आगामी 15 अगस्त को कलेक्ट्रेट में प्रशस्ति पत्र देने के लिए आमंत्रित किया।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल कनेक्शन एवं जलापूर्ति में खामियां मिलने पर संबंधित प्रभारी पर नाराजगी जताते हुए सभी घरों तक कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद जिलाधिकारी ने गांव का भ्रमण कर प्राथमिक विद्यालय, गिरे हुए विद्युत तार एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर खुशी जताई और आशीर्वाद दिया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बताया गया कि 10 मई रविवार को भुवना बुजुर्ग में सभी विभागों द्वारा कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाएगा।





















































Leave a comment