ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर एनसीसी कैडेटों ने निकाली तिरंगा रैली, राष्ट्रभक्ति से गूंजा
आजमगढ़। ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ के अवसर पर 99 यूपी बटालियन एनसीसी, आजमगढ़ द्वारा सावित्री बाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर स्थित जनपद मुख्यालय में भव्य तिरंगा रैली एवं राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएवी महाविद्यालय एवं शिब्ली पीजी कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगे को सलामी एवं राष्ट्रगान “जन गण मन” के सामूहिक गायन से हुई, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। इसके बाद कैडेटों ने बटालियन परिसर से मण्डलीय चिकित्सालय और मुकेरीगंज तक तिरंगा रैली निकाली। रैली के दौरान “भारत माता की जय” और “राष्ट्र प्रथम” जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
रैली से लौटने के बाद ऑपरेशन सिंदूर की महत्ता पर एक वैचारिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय सेना के शौर्य, साहस और पराक्रम की गाथाओं से कैडेटों को अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश का जनमानस पूरी तरह जागरूक हो चुका है और ऑपरेशन सिंदूर इसका जीवंत उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान कैडेटों को राष्ट्र सेवा, अनुशासन एवं देशहित में समर्पण की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में बटालियन से सम्बद्ध चंडेश्वर, मालटारी, मोहम्मदाबाद, तेंदुआईकलां एवं चितबहाल सहित विभिन्न कॉलेजों में भी ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर सहयुक्त एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।





















































Leave a comment