Latest News / ताज़ातरीन खबरें

यूपी में ‘अंतरा-एससी’ गर्भनिरोधक इंजेक्शन की शुरुआत, 19 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट लागू

जौनपुर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में परिवार नियोजन को लेकर एक बड़ा नवाचार किया जा रहा है। महिलाओं के लिए गर्भनिरोधक इंजेक्शन “अंतरा” के नए रूप अंतरा-एससी (सब-क्यूटेनियन) की शुरुआत बुधवार से की जा रही है। इसे पहले चरण में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 19 जिलों में लागू किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह नया इंजेक्शन पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और सुरक्षित माना जा रहा है। साथ ही इसे लगाने की प्रक्रिया भी आसान होगी और संक्रमण का खतरा भी कम रहेगा।

गर्भनिरोधक इंजेक्शन “अंतरा” हर तीन महीने में लिया जाता है। अब तक इसे कूल्हे या बांह में लगाया जाता था, लेकिन नए स्वरूप में इसे त्वचा की ऊपरी परत के नीचे (सब-क्यूटेनियस) चर्बी में दिया जाएगा। यह तरीका मधुमेह के मरीजों द्वारा लिए जाने वाले इंजेक्शन जैसा ही सरल होगा।
स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में पाया गया कि इस तरीके से इंजेक्शन अधिक प्रभावी होता है और उपयोग में भी सुविधाजनक रहता है।

प्रदेश में हर माह लगभग 6 लाख “अंतरा” इंजेक्शन की मांग रहती है। नए “अंतरा-एससी” को 1 अप्रैल से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा रहा है। पहले चरण में 19 जिलों में करीब 40 हजार इंजेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसे बाद में चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
परिवार नियोजन कार्यक्रम के संयुक्त निदेशक डॉ. सुशील कुमार बनियान ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रमों की सफलता केवल विकल्प उपलब्ध कराने में नहीं, बल्कि उन्हें सरल और नियमित रूप से लोगों तक पहुंचाने में है। “अंतरा-एससी” इस दिशा में एक व्यावहारिक समाधान है।
इस पायलट प्रोजेक्ट में अलीगढ़, एटा, हाथरस, कासगंज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली जिलों को शामिल किया गया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh