वार्षिक उत्सव एवं प्रतिभा अलंकरण समारोह धूमधाम से सम्पन्न
कादीपुर (सुल्तानपुर), 31 मार्च 2026।सरस्वती शिशु मंदिर, झारखंड, कादीपुर सुल्तानपुर में आज दिनांक 31 मार्च 2026 को वार्षिक उत्सव एवं प्रतिभा अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथियों एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के राज्य मंत्री (समाज कल्याण विभाग) श्री संजीव कुमार गोंड जी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राजेश गौतम जी (विधायक, कादीपुर), श्री आनंद जायसवाल जी (अध्यक्ष, नगर पंचायत कादीपुर), विद्यालय के अध्यक्ष केशव प्रसाद मिश्रा, प्रबंधक गजेंद्र बहादुर सिंह, कोषाध्यक्ष संदीप अग्रहरि, प्रधानाचार्य अशोक उपाध्याय एवं विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य अवधेश कुमार मिश्र सहित समाज के अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन से किया गया। इसके उपरांत भैया-बहनों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। तत्पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र देकर भव्य स्वागत किया गया।
प्रधानाचार्य श्री अशोक उपाध्याय ने मंच से सभी अतिथियों का परिचय कराते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद परीक्षा प्रमुख श्री राम गणेश जी ने वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा की, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं की सराहना की गई।
कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यालय के भैया-बहनों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां—नृत्य, नाटक, गीत एवं देशभक्ति कार्यक्रम—प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से दर्शाया |
प्रतिभा अलंकरण समारोह के अंतर्गत वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहनों को मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त भैया बहिनों में PG से अयांश सिंह 94% , एलकेजी से तनुष मिश्रा 98%, यूकेजी से प्रज्वल उपाध्याय 93.31% , प्रथम से अनुश्री यादव 96.11%, 2 A से प्रियल यादव 97.9%, 2 B से सेजल गुप्ता 94%, तृतीय से इति मिश्रा 94.3%, चतुर्थ से शिवांश मिश्रा 93.35%, पंचम से कुशाग्र उपाध्याय 95.5% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया | इस अवसर पर छात्रों के उत्साह और अभिभावकों की प्रसन्नता देखते ही बनती थी।
मुख्य अतिथि संजीव कुमार गोंड ने अपने संबोधन में विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय को स्मार्ट क्लास से सुसज्जित करने की घोषणा की। वहीं विधायक श्री राजेश गौतम ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
प्रधानाचार्य श्री अशोक उपाध्याय जी ने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए भैया-बहनों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों—नाटक, नृत्य एवं अन्य गतिविधियों—की सराहना की तथा शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के कोषाध्यक्ष संदीप अग्रहरि द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन एवं भव्यता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला, जिससे यह कार्यक्रम सभी के लिए स्मरणीय बन गया।






















































Leave a comment