नौसोपुर के पास दो मोटर साइकिल की टक्कर में गई 24 वर्षीय असफ़र खान की मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घोसी।मुहम्मदाबाद गोहना। मऊ जनपद के मोहम्दाबाद गोहाना कोतवाली क्षेत्र के नौसोपुर के पास दो मोटर साइकिल की आमने-सामने टक्कर में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आजमगढ़ के बिलरियागंज निवासी युवक असफर खान 24 को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जयराजपुर निवासी असफ़र खान 24 अपने ननिहाल जोगरी से मोटर साइकिल से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह नौसोपुरगांव के पास पहुंचे, तभी भातकोल की तरफ से कोईरियापार की ओर जा रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी कमलकांत वर्मा और एसआई आदर्श दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने असफर खान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार अजय और उनके साथियों का उपचार कराया गया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



























































Leave a comment