Latest News / ताज़ातरीन खबरें

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जुनियर हाइस्कूल धरौली में जागरूकता का संकल्प संवाद

घोसी।मऊ। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली, विकासखंड घोसी, जनपद मऊ में आज बच्चों के साथ शिक्षा, साक्षरता एवं सामाजिक जागरूकता के महत्व पर विशेष संवाद आयोजित किया गया। इस अवसर पर गोल्ड मेडलिस्ट एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति में तर्कशीलता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, संवैधानिक चेतना तथा अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने की क्षमता विकसित करती है। शिक्षा व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज में समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय की भावना को मजबूत करती है।
          डॉ. भारती ने बच्चों को बताया कि आज के समय में प्रत्येक बच्चे का शिक्षित और जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने, जिज्ञासापूर्वक प्रश्न पूछने, अंधविश्वास से दूर रहने तथा वैज्ञानिक एवं तार्किक सोच विकसित करने का आह्वान किया। संवाद के दौरान बच्चों ने साक्षरता, शिक्षा का अधिकार, समान अवसर, बालिका शिक्षा तथा समाज में शिक्षा की भूमिका से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। प्रधानाध्यापक ने बच्चों के प्रश्नों का सहज एवं उदाहरण सहित उत्तर देते हुए उन्हें शिक्षा को अपने जीवन के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नियमित रूप से अध्ययन करेंगे तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी शिक्षा एवं साक्षरता के प्रति जागरूक करने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष बदामी, पूजा, राकेश कुमार गौतम, अर्जुन यादव आदि उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh