कूड़ा रखने को लेकर हुआ विवाद , सरिया-कुल्हाड़ी से हमला; युवक की हालत गंभीर
देवरिया सलेमपुर। देवरिया जिले के सलेमपुर क्षेत्र के पंडित हरैया गांव में कूड़ा रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। सुबह हुई कहासुनी और झड़प के बाद शाम को दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लोहे की सरिया और कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का आरोप है।
मारपीट के दौरान एक युवक के सिर पर गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे गोरखपुर एम्स रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर मारपीट और हमला करने के आरोप लगाए गए हैं। दूसरे पक्ष का भी दावा है कि मारपीट में उसके परिवार के लोग घायल हुए हैं और एक व्यक्ति के सिर पर कुल्हाड़ी लगी है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिसकर्मी गांव में निगरानी कर रहे हैं और दोनों पक्षों के बीच शांति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। विवाद की वास्तविक वजह, घायलों की संख्या और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।



























































Leave a comment