कस्तूरबा गांधी विद्यालय के औचक निरीक्षण में डीएम ने पढ़ाया गणित और अंग्रेजी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज प्रातः लगभग 8:30 बजे कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बरहज का औचक निरीक्षण कर पठन-पाठन, आवासीय व्यवस्थाओं सहित अन्य आवश्यक सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से गणित व अंग्रेजी के प्रश्न भी हल कराए तथा स्वयं उन्हें पढ़ाया भी। पठन-पाठन से वे काफी संतुष्ट दिखे। यहां सभी अध्यापक उपस्थित रहे। साथ ही निरीक्षण के समय आवासित लगभग 92 छात्राएं भी उपस्थित रहीं। जिलाधिकारी ने हॉस्टल पोर्टल एवं क्लास में सभी जगह छात्राओं की उपस्थिति को भी चेक किया। जिलाधिकारी ने किचन में बने भोजन की गुणवत्ता को भी परखा। वे स्वयं चावल को चखकर गुणवत्ता की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने इस दौरान उपस्थित वार्डन व शिक्षिकाओं को निर्देश दिया कि पठन-पाठन की गुणवत्ता बेहतर रखें। उपलब्ध संसाधनों को पूरी पारदर्शिता के साथ छात्राओं तक पहुंचाएं। शिक्षा का बेहतर माहौल रखें, ताकि आवासित बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सके।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नामांकन के सापेक्ष छात्राओं की उपस्थिति भी हर हाल में दर्ज होनी चाहिए। इसके लिए जागरूकता के साथ-साथ बच्चों सहित अभिभावकों को भी नियमित रूप से उपस्थित रहने के लिए प्रेरित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान एक-एक कक्षा का भी निरीक्षण कर पढ़ाई की जानकारी ली। कक्षा 6, 7 एवं 8 तीनों कक्षाओं में उन्होंने अंग्रेजी व गणित भी पढ़ाया। पठन-पाठन से वे काफी संतुष्ट रहे और आगे भी इसी तरह बेहतर माहौल बनाए रखने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिए जाने के निर्देश संबंधित वार्डन व शिक्षिकाओं को दिए।



























































Leave a comment