पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्री शीटर बदमाश को लगी गोली टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर फरार तस्करों में शामिल था आरोपी
•तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद, गैंगस्टर, लूट सहित एक दर्जन मुकदमे हैं दर्ज
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना पुलिस ने गोतस्करी गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश पर गैंगस्टर, लूट, गोवध, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट सहित करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई 2026 को अतरौलिया पुलिस ने सूचना के आधार पर गोवंशीय पशुओं से लदी एक पिकअप को रोकने का प्रयास किया था। चालक वाहन लेकर फरार हो गया और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए आगे निकल गया। बाद में गोपालीपट्टी नहर के पास पिकअप छोड़कर तीनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने वाहन से पांच प्रतिबंधित गोवंशीय पशु और एक मोबाइल फोन बरामद कर गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना में संतोष यादव, संतोष सरोज और शमीम के नाम प्रकाश में आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत शुक्रवार तड़के करीब 4:20 बजे अतरौलिया थाना पुलिस गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन संदिग्ध एक मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संतोष यादव (24), निवासी समस्तीपुर, थाना जहानागंज, के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। इस संबंध में अतरौलिया थाने में बीएनएस की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार संतोष यादव थाना जहानागंज का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध लूट, गोवध, गैंगस्टर, धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट समेत करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।





















































Leave a comment