हनुमान प्रतिमा खंडित मिलने से तनाव ग्रामीणों में आक्रोश पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। जनपद के थाना कप्तानगंज क्षेत्र के ग्राम सभा रसूलपुर उर्फ पासीपुर में शुक्रवार सुबह उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब नहर किनारे स्थापित प्रभु हनुमान जी की प्रतिमा खंडित अवस्था में मिली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देख लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, नहर किनारे स्थापित प्रभु हनुमान जी की प्रतिमा स्थानीय युवाओं के सहयोग से स्थापित की गई थी। यहां प्रतिदिन सुबह-शाम श्रद्धालु दर्शन-पूजन और आरती के लिए पहुंचते हैं। शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो प्रतिमा खंडित अवस्था में दिखाई दी। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों में रोष फैल गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना पर थाना कप्तानगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि किसी अराजक तत्व ने जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने की नीयत से प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना का शीघ्र खुलासा कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।


















































Leave a comment