Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: बिलरियागंज में मंदिर से लौट रही महिला से 30 ग्राम सोने की चेन झपटने वाले दो शातिर तीन दिन में गिरफ्तार

आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में महादेव मंदिर से पूजा-अर्चना कर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने वाले दो शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने घटना के महज तीन दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चेन बेचकर प्राप्त 52 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 7 जून 2026 को राघवेन्द्र सिंह पुत्र नागेन्द्र बहादुर सिंह, निवासी गद्दोपुर, ने थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर बताया कि उनकी चाची पुष्पा सिंह महादेव मंदिर कुटिया बड़िहारी से पूजा कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से लगभग 30 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना बिलरियागंज में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 जून 2026 को थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र एवं उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह ने पुलिस टीम के साथ नसीरपुर नई बस्ती के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने महादेव शिव मंदिर बड़िहारी के पास महिला के गले से सोने की चेन झपटकर मोटरसाइकिल से फरार होने की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि बाद में लूटी गई चेन को एक अज्ञात राहगीर को 74 हजार रुपये में बेच दिया और प्राप्त रकम आपस में बांट ली थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से चेन बिक्री से प्राप्त 52 हजार रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh