आजमगढ़: 13 जून को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले SSP ने परखी तैयारियां, बोले- सुरक्षा में नहीं होगी कोई चूक
आजमगढ़। 13 जून को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के आजमगढ़ आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। रूट व्यवस्था, पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन तथा भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
एसएसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री के पूरे रूट और कार्यक्रम स्थल की निगरानी ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंध बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

















































Leave a comment