आजमगढ़ में पुश्तैनी स्टोर रूम के विवाद ने लिया हिंसक रूप, कुल्हाड़ी से हमले का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। देवगांव थाना क्षेत्र के ग्राम लफिया सरूपहां में पुश्तैनी स्टोर रूम में धान का बीज रखने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, कौशल कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय शिवगंगा सिंह ने थाना देवगांव में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुश्तैनी स्टोर रूम में धान का बीज रखने को लेकर बृजेश कुमार सिंह ने उनके पुत्र के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट की और उसके बाद सिर पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घायल युवक के जमीन पर गिर जाने के बाद भी आरोपी ने लाठी से उसकी पिटाई की और उसे मृत समझकर मौके से चला गया।
प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना देवगांव में मु0अ0सं0 224/2026 के तहत धारा 109(1) एवं 352 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक देवगांव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। 10 जून 2026 को उपनिरीक्षक हरिश्चन्द्र यादव ने पुलिस टीम के साथ दबिश देकर आरोपी बृजेश कुमार सिंह पुत्र सरयू प्रसाद सिंह, निवासी ग्राम लफिया सरूपहां, को उसके घर से सुबह लगभग 07:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा बरामद साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है।

















































Leave a comment