Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: जमीन विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की डंडे से पीटकर हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़। जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करसड़ा में पारिवारिक जमीन बंटवारे के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई ने डंडे से हमला कर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद सक्रिय हुई मेहनाजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, 09 जून 2026 को ग्राम करसड़ा में जमीन के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। इसी दौरान बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा ने अपने छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा के सिर पर डंडे से गंभीर प्रहार कर दिया। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

 

मृतक की पत्नी शांति विश्वकर्मा की तहरीर के आधार पर थाना मेहनाजपुर में मु0अ0सं0 57/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

 

10 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर मेहनाजपुर पुलिस ने आरोपी जगदीश विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय सुखराम विश्वकर्मा, निवासी ग्राम करसड़ा, को पंचायत भवन गंगवल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया।

 

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आगे की जांच जारी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh