Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: DM रविन्द्र कुमार सख्त, बोले- फर्जी रिपोर्ट मिली तो होगी कार्रवाई; महुआ मुराद में कब्जा दिलाने का आदेश

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शनिवार को तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान फर्जी निस्तारण करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जांच में कहीं भी फर्जी रिपोर्ट या फर्जी निस्तारण पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साथ संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। इस दौरान कुल 108 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 09 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 99 प्रकरणों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

 

डीएम ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर ग्राम सेठवल (रानी की सराय) से सबसे अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को गांव भेजने के निर्देश दिए। टीम शिकायतकर्ताओं से मिलकर यह भी सुनिश्चित करेगी कि प्रस्तुत की गई रिपोर्ट से वे संतुष्ट हैं या नहीं।

 

बैठक में गंभीरवन और महुआ मुराद क्षेत्रों का भी मामला उठा, जहां चकबंदी पूरी होने के बावजूद कई लोगों को अब तक भूमि पर कब्जा नहीं मिल सका है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित चकबंदी अधिकारी को नियमानुसार तत्काल पात्र लोगों को कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर ज्वाइंट स्पॉट मेमो तैयार करे तथा आपसी समन्वय से शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने न्यायालयों के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने पर भी जोर दिया।

 

जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित सबसे अधिक शिकायतों वाले गांवों का भ्रमण करें, शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

 

समीक्षा के दौरान पाया गया कि प्राप्त शिकायतों में अधिकांश मामले भूमि विवाद, पुलिस, विद्युत एवं चकबंदी कार्यों से संबंधित थे।

 

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर नरेन्द्र गंगवार, सीओ सिटी शुभम तोदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सच्चिदानंद प्रसाद सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh