Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मुहम्मदपुर में स्वयं सहायता समूहों को ₹1.07 करोड़ का डेमो चेक, वर्मी कम्पोस्ट से बढ़ेगी ग्रामीण महिलाओं की आय

मुहम्मदपुर, आज़मगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित वर्मी कम्पोस्ट वितरण एवं भुगतान कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड मुहम्मदपुर की ग्राम पंचायत रानीपुर रजमों स्थित अस्थायी गौशाला में किया गया। कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त (स्वतः रोजगार) डॉ. आराधना त्रिपाठी ने किया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने गो-धन संकल्प कार्यक्रम के तहत वर्मी कम्पोस्ट निर्माण कार्य में लगी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ₹1,07,04,170 का डेमो चेक प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही ग्राम पंचायत रानीपुर रजमों, बैराडीह उर्फ गम्भीरपुर, सिंघड़ा एवं उत्तरगांवा के ग्राम प्रधानों को वर्मी कम्पोस्ट किट वितरित की गई।

 

मुख्य अतिथि विजय बहादुर पाठक ने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण माताओं एवं बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के गोबर से वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर स्वयं सहायता समूह की महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम करेंगी।

 

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व मंत्री डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने कहा कि यह योजना ग्रामीण महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और आज़मगढ़ की यह पहल प्रदेश व देश में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित होगी।

 

मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को 27,13,713 पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। इसके लिए प्रत्येक पौधे के लिए 1 किलोग्राम की दर से कुल 27,13,713 किलोग्राम वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण कराया जाएगा। इसका संपूर्ण उत्पादन एवं आपूर्ति स्वयं सहायता समूहों द्वारा की जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि जनपद की सभी स्थायी एवं अस्थायी गौशालाओं को समूहों से जोड़ते हुए 50 पैसे प्रति किलोग्राम की दर से गोबर क्रय कर वर्मी कम्पोस्ट तैयार किया जा रहा है। समूहों द्वारा निर्मित वर्मी कम्पोस्ट ग्राम पंचायतों को ₹10 प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जाएगा तथा भुगतान सीधे समूहों के बैंक खातों में किया जाएगा।

 

सीडीओ के अनुसार इस योजना से स्वयं सहायता समूहों को लगभग ₹2.71 करोड़ तथा गौशालाओं को करीब ₹32.30 लाख की अतिरिक्त आय प्राप्त होगी।

 

कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया तथा गोवंशों का गो-पूजन भी संपन्न हुआ। समापन अवसर पर उपायुक्त (स्वतः रोजगार) डॉ. आराधना त्रिपाठी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मुहम्मदपुर विजय विश्वकर्मा, ब्लॉक प्रमुख तहबरपुर अजीत यादव, खंड विकास अधिकारी मुहम्मदपुर मनोज श्रीवास्तव, जिला मिशन प्रबंधक, ब्लॉक मिशन प्रबंधक, सचिव, ग्राम प्रधान तथा वर्मी कम्पोस्ट निर्माण कार्य से जुड़ी लगभग 200 स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh