आजमगढ़: फूलपुर पुलिस को बड़ी सफलता, गैंगस्टर एक्ट का वांछित गोतस्करी गैंग का सदस्य अबु तालिब तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार
आजमगढ़। थाना फूलपुर पुलिस ने गोवंशीय पशुओं की तस्करी करने वाले गैंग के सक्रिय सदस्य और गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त अबु तालिब उर्फ तालिब को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 06 जून 2026 को उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार अपनी टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर ग्राम कटार तिराहा, चिरैयामोड़ रोड के पास से अबु तालिब उर्फ तालिब पुत्र जियाउद्दीन (उम्र लगभग 40 वर्ष), निवासी बखरा, थाना सरायमीर को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 192/2026 के तहत धारा 3/25 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, 05 जून 2026 को जिलाधिकारी आजमगढ़ द्वारा अनुमोदित गैंगचार्ट के आधार पर थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 190/2026 के तहत धारा 3(1), 2(ख)(17) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट में अबु तालिब सहित चार अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर गोवंशीय पशुओं की तस्करी और गोकशी से जुड़े अवैध कार्यों में संलिप्त रहा है। उसने यह भी बताया कि अपनी सुरक्षा और विरोध करने वालों को डराने के लिए वह अवैध तमंचा और कारतूस अपने पास रखता था तथा गिरफ्तारी की स्थिति में उसका इस्तेमाल कर फरार होने की योजना रखता था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अबु तालिब एक शातिर गोतस्कर है और उसके खिलाफ आजमगढ़, अंबेडकरनगर और गोंडा जिलों में गोकशी, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और चोरी समेत कुल 6 मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार, कांस्टेबल अनुपम सिंह, दयाशंकर, शरद यादव एवं आरक्षी अमन यादव की टीम ने की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


















































Leave a comment