Latest News / ताज़ातरीन खबरें

व्यापारी और राज्य कर विभाग के बीच सीधा संवाद, जीएसटी की जटिलताओं पर मिला समाधान

सुल्तानपुर ।कादीपुर में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताए नए प्रावधान, व्यापारियों ने रखीं समस्याएं; समय से रिटर्न दाखिल करने पर दिया जोर ।

कादीपुर (सुलतानपुर)। राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों और विभागीय अधिकारियों के बीच खुलकर संवाद हुआ। कार्यक्रम में अधिकारियों ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से जुड़े नवीनतम प्रावधानों, तकनीकी सुधारों और शासन की नई व्यवस्थाओं की जानकारी दी, वहीं व्यापारियों ने भी व्यापार संचालन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को सामने रखकर उनके समाधान प्राप्त किए।
नगर पंचायत के वंदन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राज्य कर विभाग खंड-दो के डिप्टी कमिश्नर अभिषेक प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि राज्य कर विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित संवाद से कर व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सुगम बन सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा हाल में लागू किए गए नए नियमों और प्रावधानों को लेकर व्यापारियों के मन में जो शंकाएं हैं, उनका समाधान विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने व्यापारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इसका लाभ प्राप्त करने के लिए आपूर्तिकर्ता द्वारा दाखिल जीएसटीआर-1 का मिलान करना आवश्यक है। साथ ही यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि संबंधित आपूर्तिकर्ता द्वारा देय कर का भुगतान समय पर किया गया हो। उन्होंने कहा कि कर प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी व्यापारियों को अपने दस्तावेज और लेन-देन का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित सहायक आयुक्त राज्य कर रियाज अहमद ने जीएसटी के विभिन्न नियमों की जानकारी देते हुए ई-वे बिल और ऑनलाइन प्रक्रियाओं में आने वाली तकनीकी कठिनाइयों को दूर करने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों से बचाते हुए कर अनुपालन को सरल और सहज बनाना है।
राज्य कर अधिकारी बृजेश कुमार मौर्य तथा राहुल शर्मा ने व्यापारियों को निडर होकर व्यापार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर टैक्स जमा करने और रिटर्न दाखिल करने से किसी भी प्रकार की कानूनी या तकनीकी समस्या से बचा जा सकता है। अधिकारियों ने व्यापारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने राज्य कर विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम व्यापारियों और प्रशासन के बीच विश्वास बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए।
इस अवसर पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, जन उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में व्यापारियों ने विभागीय अधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh