मुंबई में रेलवे का बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान, गोरेगांव-मालाड के बीच कार्रवाई तेज
मुंबई: Western Railway ने गोरेगांव और मालाड स्टेशन के बीच रेलवे की जमीन पर बने अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। यह कार्रवाई मुंबई हाईकोर्ट के आदेश के बाद की जा रही है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और कई अवैध निर्माणों को तोड़ा जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गोरेगांव–मालाड के पूर्वी हिस्से में करीब 1,500 वर्ग मीटर रेलवे भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। यहां बने 36 पक्के और 24 अस्थायी ढांचों को हटाने की कार्रवाई जारी है। सोमवार शाम तक 26 पक्के निर्माण ध्वस्त किए जा चुके थे।
अधिकारियों ने बताया कि खाली कराई जा रही इस जमीन का उपयोग भविष्य में हार्बर लाइन विस्तार परियोजना के लिए किया जाएगा। रेलवे का कहना है कि इस परियोजना से रेल सुविधाओं का विस्तार होगा और बढ़ती यात्री संख्या को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिलेगी।
रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा और विकास परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

























































Leave a comment