जनता दर्शन में डीएम की संवेदनशीलता आई नजर
देवरिया ।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की संवेदनशीलता, मानवीय दृष्टिकोण एवं जनसरोकारों के प्रति गंभीरता बुधवार को जनता दर्शन के दौरान देखने को मिली, जब एक दिव्यांग एवं असमर्थ फरियादी व्हीलचेयर पर सीधे उनके कार्यकक्ष में पहुंचा। फरियादी की स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने तत्काल उसकी समस्या गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दर्शन में पहुंचे गणेश तिवारी पुत्र देवनाथ तिवारी, निवासी ग्राम शेरवा बभनौली ने बताया कि वह पथरी की गंभीर समस्या से पीड़ित हैं, लेकिन आर्थिक अभाव के कारण ऑपरेशन नहीं करा पा रहा हैं। फरियादी की व्यथा सुन जिलाधिकारी ने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बुलवाया और दिव्यांग फरियादी का मेडिकल कॉलेज देवरिया के चिकित्सालय में समुचित इलाज एवं ऑपरेशन कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि इलाज की पूरी प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए तथा फरियादी को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा पात्र व्यक्तियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


























































Leave a comment