National News / राष्ट्रीय ख़बरे

संसद में महाकुंभ भगदड़ पर फिर विपक्ष का हंगामा का असर देखने को मिला

नई दिल्ली। लोकसभा में सोमवार सुबह जैसे ही बजट सत्र फिर से शुरू हुआ, विपक्ष ने पिछले हफ्ते प्रयागराज में महाकुंभ में मौनी अमावस्या के दौरान हुई भगदड़ में 30 लोगों की मौत को लेकर नारेबाजी की। स्पीकर ने विपक्षी नेताओं के व्यवहार की निंदा की है।
प्रश्नकाल की समाप्ति के बाद महाकुंभ भगदड़ का मुद्दा उठाने के अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश के बावजूद विपक्ष ने नारेबाजी जारी रखी। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने भी सांसदों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। हालांकि, नारेबाजी के बीच कार्यवाही जारी है। कुंभ पर जवाब दो के नारे गूंजते हुए अधिकारियों से 29 जनवरी को मरने वाले लोगों की सूची जारी करने का आग्रह किया गया। विपक्ष का दावा है कि वास्तविक मौत का आंकड़ा सरकार द्वारा बताई गई संख्या से काफी अधिक है।
देश में अभी सबसे बड़ा मुद्दा है महाकुंभ भगदड़ की घटना : जया बच्चन
अभिभाषण पर चर्चा के दौरान यह विषय रखें : ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में नारेबाजी करने वाले विपक्षी दलों के सदस्यों से कहा कि जनता ने उन्हें ‘मेज तोडऩे’ के लिए नहीं, बल्कि प्रश्न पूछने के लिए सदन में भेजा है। लोकसभा अध्यक्ष ने प्रश्नकाल के बीच नारेबाजी कर रहे सदस्यों से कहा कि इस विषय का उल्लेख राष्ट्रपति महोदया ने अपने अभिभाषण में किया था। आप लोग अभिभाषण पर चर्चा के दौरान यह विषय रख सकते हैं। प्रश्नकाल महत्वपूर्ण समय होता है जिसमें सरकार की जवाबदेही तय की जा सकती है।

रास में नियम 267 के तहत चर्चा के लिए कुल नौ नोटिस मिले : धनखड़
प्रयागराज में जारी महाकुंभ में कथित ‘कुप्रबंधन’ के मुद्दे पर तत्काल चर्चा कराए जाने की मांग को लेकर विपक्षी दलों ने राज्यसभा में भारी हंगामा किया और बाद में सदन से बहिर्गमन किया। सुबह सदन की कार्यवाही आरंभ होने के बाद सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन को बताया कि उन्हें नियम 267 के तहत चर्चा के लिए कुल नौ नोटिस मिले हैं। कांग्रेस के प्रमोद तिवारी और दिग्विजय सिंह, टीएमसी की सागरिका घोष, सपा के जावेद अली और रामजी लाल और भाक पा (माक्र्सवादी) के जॉन ब्रिटास ने प्रयागराज महाकुंभ में कथित कुप्रबंधन के मुद्दे पर नोटिस दिए थे।

प्रशासनिक लापरवाही से हुई महाकुंभ भगदड़ : राम गोपाल
महाकुंभ भगदड़ घटना पर सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, जो प्रशासनिक लापरवाही हुई, जिसकी वजह से ये घटना घटी. जो वहां पर उपस्थित थे उन लोगों का कहना है कि हजारों लोगों की मौत हुई है, गंभीर लापरवाही लेकिन अभी तक किसी अधिकारी के खिलाफ या किसी के भी खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सरकार की जवाबदेही : गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने महाकुंभ भगदड़ मामले पर कहा, लोकसभा में सभी विपक्षी दलों की एक ही मांग थी कि महाकुंभ में जिन लोगों की मृत्यु हुई है उसके लिए सरकार की जवाबदेही है। आज हमने महाकुंभ को लेकर एक विशेष चर्चा की मांग रखी लेकिन सरकार द्वारा हमारी मांगों पर बुलडोजर चला दिया गया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh