Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बट बचाओ देश बचाओ अभियान का हुआ शुभारंभ

देवरिया।टाउन हॉल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को अखिल भारतीय अभियान के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक श्री अनिल भारद्वाज ने कहा कि देश में मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के लगातार सामने आ रहे आरोपों ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा पर निर्भर करती है तथा चुनाव आयोग के आंकड़ों के आधार पर 10 करोड़ से अधिक नागरिकों के मताधिकार पर संभावित खतरे की आशंका जताई है।
श्री अनिल भारद्वाज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियां बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनावों से पहले मतदाता सूचियों में किसी भी प्रकार की अनियमितता चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर सकती है। 
उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की आशंका लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। विशेष रूप से गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, प्रवासी मजदूर और कमजोर वर्गों के मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
श्री अनिल भारद्वाज ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मतदाता सूची की गड़बड़ियों को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश इस बात का संकेत हैं कि शिकायतों की गंभीरता से जांच आवश्यक है। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में, जहां 80 लोकसभा और 403 विधानसभा सीटें हैं, मतदाता सूची की किसी भी अनियमितता को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
उन्होंने मांग की कि पीलीभीत के चार विधानसभा क्षेत्रों पीलीभीत, बरखेड़ा, पूरनपुर और बीसलपुर में मतदाता सूचियों की गहन जांच कराई जाए। चुनाव आयोग यह भी सार्वजनिक करे कि कितने मतदाताओं के नाम गलत तरीके से जोड़े या हटाए जाने की शिकायतें सही पाई गईं और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई। इसके साथ ही पूरे उत्तर प्रदेश की मतदाता सूचियों का पारदर्शी सत्यापन कराया जाए।
श्री अनिल भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि चुनाव आयोग उत्तर प्रदेश में SIR की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए, गलत तरीके से नाम हटाए जाने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराए और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में जनता के जनादेश के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से इसके खिलाफ मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुरक्षित रहे और किसी भी नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े।
श्री अनिल भारद्वाज ने SIR की कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें रखीं :
1. विवादित SIR प्रक्रिया तत्काल रद्द की जाए।
2. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें।
3. मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो: SIR के दौरान कथित रूप से गलत तरीके से हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम बहाल किए जाएं। फॉर्म-6 और फॉर्म-7 के संभावित दुरुपयोग की जांच हो तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन',जिला प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा, शहर अध्यक्ष मिर्जा खुर्शीद अहमद उपस्थिति रहें।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh