जनपद में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 80.53 प्रतिशत हुआ मतदान
•डीएम-एसपी ने 06 विकास खंडों के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
देवरिया|गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जनपद में 80.53 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने विकास खंड बैतालपुर, बरहज, भलुअनी, देवरिया सदर, रुद्रपुर एवं गौरीबाजार में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने, मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में किसी प्रकार की असुविधा न होने देने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा प्रबंधों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और सभी पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। प्रशासनिक सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनपद में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



























































Leave a comment