24 घंटे तक बाधित रही नगर की विद्युत व्यवस्था, लोगों को हुई भारी परेशानी
देवरिया।बरहज नगर की विद्युत व्यवस्था शनिवार दोपहर से रविवार दोपहर तक 24 घंटे बाधित रही। अचानक हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पूरे नगर की आपूर्ति ठप हो गई।
मिली जानकारी अनुसार शनिवार दोपहर बनकटिया-बरछौली, बेलडाड़-देवरिया मार्ग के समीप एक विशाल पेड़ अचानक टूटकर 33 हजार की हाईटेंशन लाइन पर गिर गया। पेड़ गिरने से तार कई जगह टूट गए और पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे नगरपालिका बरहज सहित बनकटिया, बरछौली, बेलडाड़ और आसपास के गांवों की बिजली गुल हो गई।
बिजली गुल होने से नगरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में लोगों के इनवर्टर जवाब दे गए, घरों में पानी की किल्लत हो गई। सबसे अधिक परेशानी व्यापारियों को हुई। आटा चक्की, वेल्डिंग, आइसक्रीम और कोल्ड स्टोरेज का काम पूरी तरह ठप रहा।
सूचना पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया। रविवार दोपहर तक कड़ी मशक्कत के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सकी।
इस संबंध में पूछे जाने पर अधिशासी अभियंता हरिपाल सिंह पटेल ने बताया कि अचानक पेड़ गिरने से फाल्ट हुआ था, जिससे नगर की विद्युत व्यवस्था बाधित हुई थी। लाइन को पूरी तरह दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

























































Leave a comment