स्कूल बंद, शराब के ठेके खोल रही सरकार : डॉ. संदीप पांडे
•बाबू विश्राम राय की जन्मस्थली बीबीपुर से निकली ‘हमारा गांव, हमारा सवाल’ पदयात्रा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और किसानों के मुद्दे उठे
तहबरपुर/आजमगढ़, 30 अगस्त 2026।
बाबू विश्राम राय और रामबचन यादव की स्मृति में रविवार को तहबरपुर क्षेत्र के बीबीपुर स्थित बाबू विश्राम राय की जन्मस्थली से ‘हमारा गांव, हमारा सवाल’ पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा को संबोधित करते हुए मैग्सेसे अवार्ड से सम्मानित सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संदीप पांडे ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ सरकार स्कूलों को बंद कर रही है, वहीं दूसरी तरफ शराब के ठेके खोले जा रहे हैं। इससे सरकारों के दिवालियापन का एहसास होता है।
डॉ. संदीप पांडे ने कहा कि देश में शिक्षा जरूरी है या शराब, यह सरकारों को तय करना होगा। उन्होंने कहा कि देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू करके सामाजिक समानता लाई जा सकती है।
उन्होंने वर्ष 2015 में जस्टिस सुधीर अग्रवाल के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार को उस फैसले को लागू करना चाहिए, जिसके तहत सरकारी नौकरी करने वाले लोगों के बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ने की व्यवस्था हो। यदि सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ेंगे तो सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता अपने आप बेहतर होगी। इसका लाभ गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों को भी मिलेगा।
किसान नेता राजीव यादव ने कहा कि ‘हमारा गांव, हमारा सवाल’ पदयात्रा का उद्देश्य जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और गांवों की वास्तविक समस्याओं को सरकार के समक्ष रखना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने, गांवों में बेहतर स्कूल बनाने और लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे सवालों को लेकर की जा रही है।
उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर गंभीरता से काम किए जाने की जरूरत है। पदयात्रा के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को जानने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास किया जा रहा है।
पदयात्रा बाबू विश्राम राय के गांव बीबीपुर से शुरू होकर महुवार, तहबरपुर, टीकापुर, मेढ़ी, लारपुर, ददरा, धनियाकुड़ी, इसरपार, नूरुद्दीनपुर, भीरू की पुलिया, पंडिताइन की पुलिया, मंझारी और जनईगंज होते हुए आतापुर पहुंची। इस दौरान पदयात्रियों ने ग्रामीणों से संवाद किया तथा स्थानीय समस्याओं और जनसरोकार के मुद्दों पर चर्चा की।
पदयात्रा में प्रमुख रूप से पूर्वांचल किसान यूनियन के महासचिव वीरेंद्र यादव, किसान समिति के महेंद्र यादव, राष्ट्रीय बांस शिल्प महासंघ के अध्यक्ष संतोष धरकार, दादर पीजी कॉलेज बलिया के छात्र नेता एवं पूर्व अध्यक्ष निशांत राज, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज यादव, उत्कर्ष शुक्ला, मंदुरी किसान आंदोलन के नंदलाल, दिनेश मास्टर, रविंद्र यादव, गुड्डू, प्रेमचंद भारती, निजामाबाद सोशलिस्ट किसान सभा प्रभारी श्याम सुंदर मौर्य, साहबदीन, बलिराम, बनारस से आए मुस्तफा, सामाजिक न्याय के नेता राजेंद्र, अवधेश यादव, विनोद यादव, दुर्गा प्रसाद, अभिषेक यादव तथा लखनऊ से आए अशोक कुमार सहित अन्य लोग शामिल रहे।
आयोजकों के अनुसार ‘हमारा गांव, हमारा सवाल’ अभियान के तहत गांव-गांव जाकर किसानों, मजदूरों, नौजवानों और आम ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा तथा उनके सवालों और समस्याओं को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।
वीरेंद्र यादव
महासचिव, पूर्वांचल किसान यूनियन






















































Leave a comment