कक्षा दो की छात्रा वामिका बनी एक दिन की थाना अध्यक्ष
देवरिया। स्थानीय क्षेत्र के एक निजी पब्लिक स्कूल चांदपार की कक्षा दो-ए की छात्रा वामिका त्रिपाठी को एक दिन के लिए भटनी थाने की थाना अध्यक्ष की भूमिका निभाने का अवसर मिला। नोनापार निवासी सूरज तिवारी की पुत्री वामिका ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं कानून-व्यवस्था को करीब से समझा।
एक दिन की थाना अध्यक्ष बनीं वामिका ने पुलिस की कार्यप्रणाली को जाना और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पुलिस व्यवस्था, कानून और नागरिक जिम्मेदारियों की व्यावहारिक जानकारी देना रहा।
इस अवसर पर थाना प्रभारी पंकज गुप्ता ने कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों में कानून के प्रति सम्मान और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। इससे उन्हें पुलिस की भूमिका और कानून-व्यवस्था के महत्व को समझने का अवसर भी मिलता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू मिश्रा ने कहा कि बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव देना भी जरूरी है। ऐसे अनुभव बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रबंध निदेशक संजय शंकर मिश्र ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील और आत्मविश्वासी नागरिक बनाना भी है। कम उम्र में नेतृत्व और जिम्मेदारी का अनुभव मिलने से बच्चों के व्यक्तित्व का बेहतर विकास होता है।
वामिका के आत्मविश्वास, उत्साह और सहभागिता की विद्यालय परिवार ने सराहना की। एक दिन की थाना अध्यक्ष बनने का यह अनुभव छात्रा के लिए यादगार और प्रेरणादायक रहा।
























































Leave a comment