घर के सामने खेल रहे 3 वर्षीय मासूम को पिकअप ने रौंदा, मौत
मेंहनगर/आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के गौरा गांव में बुधवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश है।
गौरा गांव निवासी बृजेश यादव का तीन वर्षीय पुत्र सूर्यांश बुधवार सुबह घर के सामने खेल रहा था। खेलते-खेलते वह ब्लॉक अस्पताल के पास सड़क तक पहुंच गया। इसी दौरान तेज गति से आ रही पिकअप ने मासूम को टक्कर मार दी। हादसे में सूर्यांश गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीन भाइयों में सबसे छोटे सूर्यांश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर मेंहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की जांच करते हुए पिकअप चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क पर यातायात नियंत्रण के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।

























































Leave a comment