Latest News / ताज़ातरीन खबरें

गुरु ही आत्मोन्नति और राष्ट्रनिर्माण का पथ-प्रदर्शक : आञ्जनेय दास महाराज

•परमहंसाश्रम बरहज में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया गुरु पूजन महोत्सव

देवरिया।गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर परमहंसाश्रम बरहज स्थित अनन्त पीठ में पीठाधीश्वर परमपूज्य श्री आञ्जनेय दास महाराज के सान्निध्य एवं नेतृत्व में गुरु पूजन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरे आश्रम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण, गुरु वंदना और आध्यात्मिक वातावरण से भक्तिमय छटा बिखरी रही।

    कार्यक्रम का शुभारंभ आश्रम के आचार्य विश्राम शुक्ला, कृष्ण मुरारी तिवारी तथा संस्कृत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रणव कुमार मिश्र द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य अनन्त पीठ का विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर किया गया। इसके उपरांत आश्रम के अनुयायियों, श्रद्धालुओं एवं आश्रम संस्थान से जुड़े कर्मियों ने अनन्त पीठ पर गुरु पूजन कर पीठाधीश्वर श्री आञ्जनेय दास महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर अपने आशीर्वचन में परमपूज्य श्री आञ्जनेय दास महाराज ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, संस्कार और साधना की दिशा प्रदान करने वाले दिव्य प्रकाश हैं। गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सेवा ही आत्मोन्नति का सबसे सरल मार्ग है। भारतीय संस्कृति की गुरु-शिष्य परंपरा हमारी सनातन विरासत है, जिसने समाज और राष्ट्र को सदैव दिशा दी है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से गुरु के आदर्शों को जीवन में आत्मसात कर सेवा, सदाचार और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

    गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु-परंपरा के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए धर्म, संस्कृति एवं मानव सेवा के आदर्शों के पालन का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अशोक शुक्ल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता जायसवाल, रतन वर्मा, ओमप्रकाश दुबे, परशुराम पांडेय, प्रेमशंकर पाठक, डॉ. के.के. श्रीवास्तव, बलभद्र त्रिपाठी, अशोक सिंह, कृष्ण कुमार मिश्रा, विजय निगम, रामनिवास उपाध्याय, श्याम सुंदर जी महाराज, अनिरुद्ध मिश्रा, रमेश तिवारी 'अनजान', ओमप्रकाश शुक्ला, प्रदीप शुक्ल, सुनील पाण्डेय, डॉ. अरविंद कुमार पांडेय, डॉ. विनय तिवारी, विनय कुमार मिश्रा, उमेश मणि, सावित्री राय, प्रो. सूरज प्रकाश गुप्त सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh