श्रावण मास व चेहल्लुम पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न
दीदारगंज - आजमगढ़।दीदारगंज थाने में बुधवार शाम पीस कमेटी की बैठक श्रावण मास व चेहल्लुम पर्व के मद्देनजर नायब तहसीलदार मार्टीनगंज अरूण प्रकाश कौल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य आगामी सावन माह में शिव मंदिरों में होने वाले जलाभिषेक कार्यक्रम और चेहल्लुम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। पीस कमेटी की बैठक में क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों के पुजारी, विभिन्न मस्जिदों के मौलाना, व क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक तथा क्षेत्र के डीजे संचालक मौजूद रहे।
इस मौके पर नायब तहसीलदार अरुण कुमार कौल ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने कहा कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। डीजे संचालकों से अपील किया कि त्यौहार में मानक के अनुसार ही साउंड बॉक्स का प्रयोग करें और अश्लील गानों को ना बजाएं। उन्होंने आयोजकों से भी सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे स्थानीय पुलिस से संपर्क करें। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने दोनों पर्वों को आपसी सद्भाव, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और धार्मिक आयोजनों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपनिरीक्षक करीमुल्ला अली, अवधेश कुमार, धर्मेंद्र तिवारी, हेड मुहर्रिर वृजेश कुमार, रूपेश कुमार पांडेय व महेश कुमार यादव, अरविंद तिवारी, प्रधान वली खान, सुभाष चौहान, अरविंद जायसवाल, देवगौड़ा, मो अब्बास, आरिफ खान, अतुल गुप्ता, फिरोज अहमद, मो नौशाद, देवानंद राजभर आदि लोग मौजूद थे।





















































Leave a comment