Latest News / ताज़ातरीन खबरें

श्रावण मास के दृष्टिगत सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित

देवरिया ।कल 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहे पवित्र श्रावण मास के दृष्टिगत जनपद में कांवड़ यात्रा, शिवालयों में जलाभिषेक तथा जल भरने के प्रमुख घाटों पर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित कर लिए गए हैं।

         जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि जनपद के सभी प्रमुख शिवालयों, कांवड़ मार्गों एवं स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं पैरा पुलिस बल की तैनाती की गई है, जो पूरे श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के आठ प्रमुख शिवालयों पर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखेंगे तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।

          उन्होंने बताया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शिवालयों तथा कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिशासी अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था करने तथा उन्हें मंदिर परिसर से उचित दूरी पर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

           जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख स्थलों पर मेडिकल टीमों की तैनाती, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा एम्बुलेंस सेवाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

          उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम को भी सक्रिय रखा जाएगा। किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर श्रद्धालु पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से सूचना दे सकते हैं, जिससे उनकी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

           उन्होंने बताया कि सरयू नदी सहित प्रमुख घाटों पर, जहां श्रद्धालु जल भरने के लिए पहुंचते हैं, बैरिकेडिंग कराने तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक (Warning Signage) लगाए जाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

           जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh