जैगहां बाजार में पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक
बिलरियागंज /आजमगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार की शाम बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैगहां बाजार चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व उपनिरीक्षक इसरार अहमद खान ने किया। इस दौरान उनके साथ पुलिसकर्मी राकेश वर्मा, रामबाबू तथा ओंकार सिंह भी मौजूद रहे।
चेकिंग अभियान के दौरान चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट तथा दोपहिया वाहनों पर हेलमेट पहनने की अनिवार्यता की जांच की गई। साथ ही बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों पर भी विशेष नजर रखी गई। पुलिस को देखते ही कई वाहन चालक रास्ता बदलते और कुछ जल्दबाजी में हेलमेट पहनते नजर आए, जिससे कुछ देर के लिए चौराहे पर हलचल का माहौल बन गया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लगभग दस वाहनों का चालान किया गया। पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की सख्त चेतावनी भी दी। उपनिरीक्षक इसरार अहमद खान ने कहा कि सड़क पर छोटी-सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी साधन हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों में सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित हो।

























































Leave a comment