दानवीर भामाशाह की जयंती पर मना व्यापारी कल्याण दिवस, उत्कृष्ट करदाताओं व उद्यमियों का हुआ सम्मान
सुलतानपुर। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर रविवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राज्य कर विभाग, संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इसमें जिले के उत्कृष्ट करदाताओं और उद्यमियों को उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी एवं उपजिलाधिकारी सदर उत्तम कुमार तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलन तथा दानवीर भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। वक्ताओं ने कहा कि भामाशाह ने राष्ट्रहित और समाज सेवा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर एक मिसाल कायम की थी। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर व्यापारियों एवं उद्यमियों को भी समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर जिले के चयनित करदाताओं को देश एवं प्रदेश के विकास में राजस्व योगदान के लिए अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में एसएसएस ब्रिक फील्ड के शम्भू शरण सिंह, स्वास्तिक ईंट भट्ठा शाखा स्वस्त ईंट उद्योग के अरविंद कुमार, ज्योति सिंह, कृपाल ट्रेडर्स के राहुल कुमार बरनवाल, आलोक इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स के आलोक तिवारी, एमडी इन्फ्रा के मार्कण्डेय तिवारी, अर्चना एसोसिएट की अर्चना गुप्ता, मनोज टेक्सटाइल्स के मनोज कुमार अग्रवाल, विजय कंस्ट्रक्शन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के शिवसेवक सिंह तथा मीत एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक नरेन्द्र सिंह शामिल रहे।
इसके अलावा जिले के प्रमुख व्यापारियों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त राज्य कर खंड-3 ने विभाग की उपलब्धियों और जीएसटी के लाभों के संबंध में व्यापारियों को जानकारी दी। वहीं उपायुक्त राज्य कर खंड-1 ने जिले के व्यापारियों द्वारा राजस्व संग्रह में दिए गए योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन राज्य कर अधिकारी बृजेश कुमार मौर्य ने किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी, विभागीय अधिकारी, जिले के प्रमुख व्यवसायी, उद्यमी, कर्मचारी तथा देवेन्द्र मिश्र, मुकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

























































Leave a comment