जनता दर्शन में डीएम ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याओं की सुनवाई की तथा प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जो भी प्रकरण जिस स्तर पर प्राप्त हो, उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अनिवार्य रूप से किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पत्रावलियों का प्रेषण ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाए तथा सभी पत्र भी ई-ऑफिस के माध्यम से जारी किए जाएं। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को सचेत भी किया।
जनता दर्शन के दौरान तहसील सलेमपुर के ग्राम मठिया इंदौली निवासी संदीप कुमार ने अपने पिता की बीमारी एवं आर्थिक तंगी का उल्लेख करते हुए अंत्योदय राशन कार्ड बनाए जाने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने उनका अंत्योदय राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसी प्रकार ग्राम गोबराई निवासी पुष्पा देवी ने पारिवारिक सदस्यों द्वारा घर में नहीं रहने देने की शिकायत प्रस्तुत की। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में आए सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समय पर अपने कार्यालय में बैठकर आने वाले फरियादियों की समस्याएं सुनें तथा उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर कोई भी जनसमस्या या शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए।

























































Leave a comment