Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मधुमक्खियों के हमले से अधेड़ की मौत आम तोड़ने के लिए पेड़ पर कंकड़ मारने से भड़का छत्ता, जान बचाने को पानी में उतरे लेकिन नहीं बच सकी जान

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे के कुरैशी मोहल्ला निवासी 65 वर्षीय इश्तियाक कुरैशी की मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार इश्तियाक कुरैशी मंगलवार शाम बकरी चराने के लिए फरिहा स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास गए थे। इसी दौरान कुछ लड़के पास के आम के पेड़ से फल तोड़ने के लिए कंकड़ मार रहे थे। पेड़ के निकट मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा था। कंकड़ छत्ते से टकराते ही मधुमक्खियां भड़क गईं और झुंड बनाकर आसपास मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। बताया गया कि लड़के तो किसी तरह वहां से भाग निकले, लेकिन इश्तियाक कुरैशी मधुमक्खियों के झुंड में फंस गए। मधुमक्खियों ने उनके शरीर पर लगातार डंक मारना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए वह पास स्थित सरकारी ट्यूबवेल के हौज में भरे पानी में उतर गए और काफी देर तक पानी में डूबे रहे। इसके बावजूद मधुमक्खियां पानी के ऊपर मंडराती रहीं। जब सांस लेने में परेशानी होने लगी तो वह पानी से बाहर निकलकर खेतों की ओर भागे, लेकिन मधुमक्खियों का झुंड उनका पीछा करता रहा और पूरे शरीर पर डंक मारता रहा। लगातार हमले से उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। मधुमक्खियों के आतंक के कारण तत्काल कोई भी व्यक्ति उनके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। बाद में कुछ युवकों ने कंबल ओढ़कर साहस दिखाया और किसी तरह मधुमक्खियों को भगाकर उन्हें वहां से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए फरिहा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। इश्तियाक कुरैशी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh