अज्ञात वाहन की टक्कर से मेडिकल स्टोर संचालन की मौत पुत्र घायल दुकान बंद कर बेटे के साथ घर लौटते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव निवासी मेडिकल स्टोर संचालक की अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार हमीरपुर गांव निवासी 48 वर्षीय आशाराम प्रजापति पुत्र रामअजोर प्रजापति की मिल्कीपुर बाजार में मेडिकल स्टोर की दुकान है। सोमवार रात करीब नौ बजे वह अपने 17 वर्षीय पुत्र अंश प्रजापति के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। घर से लगभग 200 मीटर पहले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन स्थित हमीरपुर नहर पुलिया के पास किसी अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्र बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान पड़ोसी गांव का एक दूध विक्रेता मिल्कीपुर से दूध देकर वापस लौट रहा था। उसने दोनों को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा और हमीरपुर गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों की पहचान की। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आशाराम प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अंश का उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पवई प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मिल्कीपुर बाजार के लोगों के अनुसार आशाराम प्रजापति बेहद सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। वह प्रतिदिन अपने पुत्र अंश को साथ लेकर बाजार आते थे। अंश दिन में बाजार स्थित डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ाई करता था और शाम को पिता के साथ ही घर लौटता था। इस हादसे ने पूरे बाजार और गांव को शोक में डुबो दिया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि घटना सर्विस लेन पर हुई है, जहां कैमरे नहीं लगे हैं और हादसा रात में होने के कारण जांच में कुछ कठिनाई आ रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही वाहन का पता लगा लिया जाएगा।




















































Leave a comment