उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज, जौनपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग शिविर का आयोजन
जौनपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में भव्य योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "Yoga for Healthy Ageing" (स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग) रही, जिसके माध्यम से जीवन के प्रत्येक चरण में योग के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बनता है। उन्होंने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इसके उपरांत मुख्य योग प्रशिक्षक राज यादव (राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय, जौनपुर), विनीत योगी (पतंजलि परिवार) एवं साक्षी सिंह ने योग प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया। शिविर में उपस्थित चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
योग प्रशिक्षण के दौरान सूर्य नमस्कार, ग्रीवा चालन, कटि चालन, स्कंध चालन, त्रिकोणासन, वज्रासन, चक्रासन, भस्त्रिका प्राणायाम, अनुलोम-विलोम तथा कपालभाति का अभ्यास कराया गया। साथ ही प्रशिक्षकों ने इन योग क्रियाओं से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वयं एवं समाज को स्वस्थ, स्वच्छ एवं खुशहाल बनाने के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह एवं डॉ. मुदित चौहान के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर डीन रिसर्च प्रो. रुचिरा सेठी, प्रो. भारती यादव, प्रो. साधना अजय, डॉ. अरविंद पटेल, डॉ. नवीन सिंह, डॉ. जितेंद्र, डॉ. चंद्रभान, डॉ. पूजा पाठक, डॉ. अनिल, डॉ. आशुतोष सिंह सहित महाविद्यालय के अनेक चिकित्सक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है, जिसे अपनाकर व्यक्ति निरोग और ऊर्जावान जीवन जी सकता है। कार्यक्रम का समापन योग के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य संवर्धन के संदेश के साथ हुआ।
























































Leave a comment