उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मेडिकल कॉलेज में योग कक्ष का किया शुभारम्भ, विकास भवन में प्रदर्शनी का उद्घाटन
देवरिया।प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद देवरिया के एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के साथ महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में वृक्षारोपण किया तथा योग कक्ष का फीता काटकर शुभारम्भ किया। इसके उपरांत उन्होंने मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य एवं अन्य चिकित्साधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में वृक्षारोपण एवं योग कक्ष के शुभारम्भ के पश्चात कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्र भारत के ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने जनकल्याण, लोककल्याण और देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। आज विशेष अभियान के माध्यम से उन लोगों को भी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है जो अब तक किसी कारणवश लाभ से वंचित रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने में सफलता मिली है। चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं तथा 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। प्रधानमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि जब तक प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को आवास एवं जीवन की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक योजनाएं निरंतर संचालित होती रहेंगी।
मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश
मेडिकल कॉलेज में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की फैकल्टियों में रिक्त पदों को भरने का अधिकार प्राचार्य को प्रदान किया गया है। शासन स्तर पर केवल नियुक्तियों की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान का सफल संचालन प्राचार्य की जिम्मेदारी है। यह सुनिश्चित किया जाए कि इन्फ्रास्ट्रक्चर, मानव संसाधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की आधारभूत आवश्यकताओं के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। रोगी कल्याण समिति में उपलब्ध धनराशि का समुचित उपयोग किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा कोई भी फैकल्टी रिक्त न रहे। सीसीटीवी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखी जाए और उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उप मुख्यमंत्री ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर के कुछ भवनों में फिनिशिंग एवं रंगाई-पुताई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए।
विकास एवं जनकल्याण आधारित प्रदर्शनी का किया अवलोकन
उप मुख्यमंत्री ने विकास भवन परिसर में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘‘12 साल विश्वास, विकास एवं जनकल्याण’’ विषयक प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा देवराहा बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। आईसीडीएस विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रम के तहत बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा 05 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई। प्रदर्शनी में लगाए गए एक स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने झालमुड़ी का स्वाद भी लिया तथा प्रदर्शनी की सराहना की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर आधारित यह प्रदर्शनी आमजन तक उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उनका लाभ उठाने की अपील की।
प्रदर्शनी में कृषि, पर्यटन, पुलिस, स्वास्थ्य, उद्योग, आईसीडीएस, बेसिक शिक्षा, आईटीआई, पीएम सूर्य घर योजना, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम, यूपी सिडको, यूपी सीएनडीएस, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद, यूपीपीसीएल, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, बाढ़ खंड, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण एवं नगरीय), सेतु निगम तथा ओडीओपी सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे।
उप मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स का अवलोकन किया तथा उनसे संवाद भी किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री को महर्षि देवराहा बाबा का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश मणि, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.के. मिश्रा, डॉ. आर.के. श्रीवास्तव, डॉ. एस.एस. द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


























































Leave a comment