Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: वायरल पोस्ट पर रानी की सराय पुलिस का एक्शन, कोटिला में सड़क जाम करने वाले 05 वाहन सीज

आजमगढ़। सोशल मीडिया पर वायरल हुई शिकायत का त्वरित संज्ञान लेते हुए रानी की सराय थाना पुलिस ने कोटिला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने और दुर्घटनाओं की आशंका पैदा करने वाले 05 वाहनों को पुलिस ने सीज कर दिया है। साथ ही अन्य वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए सड़क से वाहन हटवाए गए।

 

जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को विनोद कुमार नामक आवेदक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर शिकायत की थी कि कोटिला स्थित मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहनों की दृश्यता प्रभावित होती है और आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि वाहन हटाने के लिए कहने पर कुछ चालक विवाद और अभद्रता पर उतर आते हैं।

 

शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रानी की सराय थाना पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और मौके पर अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े होकर यातायात बाधित कर रहे 05 वाहनों को सीज कर दिया गया।

 

इसके अलावा अन्य वाहन चालकों को मौके पर ही सड़क से वाहन हटाने के निर्देश दिए गए और भविष्य में दोबारा सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार वाहन खड़ा करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है तथा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित न करें।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh