Latest News / ताज़ातरीन खबरें

घाघरा तटबंध निर्माण में भ्रष्टाचार, जनता की सुरक्षा दांव पर ,कांग्रेस प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह

देवरिया। मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर जमुनिया घाट पर चल रहे तटबंध एवं सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि निर्माण में उपयोग किए जा रहे पत्थर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं हैं तथा कार्य में व्यापक स्तर पर लापरवाही और भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता एवं कीर्ति चक्र विजेता कैप्टन अंशुमान सिंह के पिता रवि प्रताप सिंह ने कहा कि उनका पैतृक संबंध भागलपुर से है और क्षेत्र की सुरक्षा से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत पर वे निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां कई खामियां सामने आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि तटबंध निर्माण में लगाए जा रहे पत्थरों का आकार मानकों के अनुरूप नहीं है और पत्थरों के बीच निर्धारित दूरी से कई गुना अधिक खाली स्थान छोड़ा गया है। बाद में इन स्थानों को मिट्टी और बालू से भरकर छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।
रवि प्रताप सिंह ने कहा कि जिस निर्माण की आयु कम से कम दस वर्ष होनी चाहिए, वह घटिया सामग्री और अनियमितताओं के कारण पांच वर्ष के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो सकता है। उन्होंने इसे करदाताओं के धन की बर्बादी बताते हुए कहा कि इससे भागलपुर की जनता की जान, जीविका और अस्तित्व पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण की पूर्व सूचना दी गई थी, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही अधिकारी मौके से चले गए। कांग्रेस नेताओं ने इसे प्रशासन की संवेदनहीनता बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान गुलाबचंद यादव, किसान कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रहलाद तिवारी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।  कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अनियमितताओं पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh