Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: बंद घर में चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, सोने-चांदी के गहने, नकदी व चोरी की बाइक बरामद

बरदह, आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरदह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, नकदी, मोबाइल फोन और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 30/31 मई 2026 की रात थाना बरदह क्षेत्र के खर्राट गांव निवासी शिवम पाठक पुत्र ऋषिकेश पाठक के बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा लगभग 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। घटना के संबंध में पीड़ित की तहरीर पर थाना बरदह में मु0अ0सं0 200/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 जून 2026 को उपनिरीक्षक मनीष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुर्थुवा गांव की पुलिया के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज पुत्र अनिल यादव (20 वर्ष), निवासी भदुली, थाना सिधारी तथा अमन यादव पुत्र संतोष यादव (19 वर्ष), निवासी मूसेपुर, थाना सिधारी के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, ₹20,400 नकद, दो मोबाइल फोन, एक जोड़ी छांगल, दो जोड़ी बिछिया, दो रिंग, एक छोटी जन्तर, एक जोड़ी कान की बाली, दो पीली धातु के पेंच तथा एक नाक की नथिया बरामद की। बरामद सामान की पहचान चोरी गए माल के रूप में की जा रही है।

विवेचना के दौरान मामले में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनीष सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार विश्वकर्मा, आरक्षी मुकेश यादव, आरक्षी दिलीप यादव तथा आरक्षी वेद व्यास तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh