आजमगढ़ पुलिस सोशल मीडिया पर गैंग चलाने वालों की निकाल रही हेकड़ी: ‘ऑपरेशन वज्रपात’ में ‘माफिया वैभव 50’ गैंग का सरगना तमंचे के साथ गिरफ्तार
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत थाना रानी की सराय पुलिस ने इंस्टाग्राम पर ‘माफिया वैभव 50’ नाम से गैंग संचालित करने वाले एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर ‘माफिया वैभव 50’ नाम के अकाउंट से लगातार अवैध असलहों के साथ फायरिंग और हथियार लहराने वाले वीडियो अपलोड किए जा रहे थे। इन वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए 16 जून 2026 को थाना रानी की सराय में उपनिरीक्षक सूरज तिवारी की तहरीर पर आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान वैभव राय पुत्र धनंजय राय, निवासी ग्राम नीबी के रूप में की। पुलिस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से गैंगस्टर जैसी छवि बनाकर लोगों में अपना दबदबा स्थापित करने और भय पैदा करने का प्रयास कर रहा था।
इसके बाद पुलिस टीम ने 16/17 जून 2026 की रात मंझगांवा हाईवे से नीबी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। रात करीब 11:44 बजे वैभव राय को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे आर्म्स एक्ट के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अपराधी छवि बनाने, गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने, हथियारों का प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


























































Leave a comment